सुपौल: त्रिवेणीगंज में हथियार के बल पर घर में लूट, दो बदमाश गिरफ्तार, फायरिंग से इलाके में दहशत

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से एक बड़ी और सनसनीखेज आपराधिक घटना सामने आई है। त्रिवेणीगंज के मुख्य बाजार स्थित आदर्श मोहल्ला बीती देर रात अपराधियों की दहशत का गवाह बना, जब अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर एक घर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।

घटना जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 की है, जहां देर रात करीब 2 बजे बेखौफ बदमाशों ने किराना व्यवसायी मंटू शर्मा के घर को निशाना बनाया। उस समय घर में दो बुजुर्ग महिलाएं मौजूद थीं। बदमाशों ने हथियार दिखाकर पहले उन्हें डराया, फिर उनके साथ मारपीट की और कमरे में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब 25 हजार रुपये नकद लूट लिए।

पीड़ित महिलाओं के अनुसार बदमाशों के हाथों में हथियार थे और वे लगातार शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दे रहे थे, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खदेड़कर एक बदमाश को मौके से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक अन्य बदमाश को भी पकड़ा गया है, जबकि उनके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पीड़ित किराना व्यवसायी मंटू शर्मा के आवेदन के आधार पर मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों का कहना है कि भागने के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की। लोगों के मुताबिक, अंधेरे में एक गोली चलने की आवाज स्पष्ट रूप से सुनाई दी, जिससे इलाके में भय और बढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]