सुपौल: राघोपुर में एक ही रात में ट्रक से सैकड़ों लीटर डीजल और सीटी रिक्शा की चार बैट्री चोरी

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आने से वाहन चालकों और आम लोगों में चिंता का माहौल है। दोनों ही मामलों में पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ राघोपुर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पहली घटना : 355 लीटर डीजल की चोरी

पहली घटना NH-27 पर रामबिशनपुर, सिमराही स्थित टीडीपी पंप के समीप की है। करजाईन थाना के मनसापुर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उनकी 18 चक्का गाड़ी संख्या BR 50GA 6794 मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उक्त पेट्रोल पंप पर पहुंची थी। गाड़ी में पंप से संबंधित कार्य होना था, जिस कारण चालक ने वाहन पंप परिसर में खड़ा किया।

जानकारी देते हुए ट्रक मालिक राजेश कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप के सामने रेलिंग से सटा के गाड़ी खड़ा कर चालक रात में गाड़ी में ही सो गया। वही बुधवार सुबह जब चालक गाड़ी से उतरा तो उसने देखा कि डीजल टंकी का लॉक जाली टूटा हुआ है और डीजल गायब है। जिसके बाद ड्राइवर ने घटना की सूचना मुझे दी। जांच करने पर व्हील्स आई डीजल सेंसर ऐप की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि बुधवार की सुबह 03:59 बजे गाड़ी के टैंक से करीब 355 लीटर डीजल की चोरी की गई है। बताया कि करीब 32 हजार रुपए का डीजल चोरी हुआ है।

दूसरी घटना : सीटी रिक्शा से चार बैट्री चोरी

दूसरी घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के गणपतगंज वार्ड नंबर-01 की है। पिपराही वार्ड नंबर-13 निवासी रौशन कुमार जो वर्तमान में गणपतगंज में किराए के मकान में रहते हैं, ने बताया कि वे सीटी रिक्शा चलाने के साथ-साथ एक किराना दुकान में काम करते हैं।

जानकारी देते हुए रौशन कुमार ने बताया कि मंगलवार ल की रात उन्होंने अपने सीटी रिक्शा को घर के बरामदे में खड़ा कर सो गए थे। अगले दिन सुबह जब वे जागे तो देखा कि रिक्शा में लगे चारों बैट्री चोरी हो चुके हैं। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बैट्री का कोई सुराग नहीं मिला।

दोनों ही मामलों में पीड़ितों ने राघोपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *