सुपौल: 77वें गणतंत्र दिवस पर वीरपुर में सम्मान समारोह आयोजित, कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए अरुण कुमार जायसवाल सम्मानित

Report: A.k Chaudhary

देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले के वीरपुर अनुमंडल स्टेडियम में झंडोतोलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराने के साथ हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान की गूंज से पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर समाज में विशिष्ट सेवा प्रदान करने वाले व्यक्तियों को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी एवं कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अरुण कुमार जायसवाल को अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि कृषि क्षेत्र समाज की रीढ़ है। इस क्षेत्र में नवाचार, जागरूकता और किसानों को सही मार्गदर्शन देने वाले लोगों का योगदान अत्यंत सराहनीय है। ऐसे लोग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के सम्मान से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। जब प्रशासन समाजसेवियों और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करता है, तो अन्य लोग भी प्रेरित होकर सामाजिक विकास में भागीदारी निभाते हैं।

बता दें कि अरुण कुमार जायसवाल लंबे समय से कृषि क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, उन्नत बीजों के प्रयोग, जैविक खेती, मृदा संरक्षण एवं फसल विविधीकरण को लेकर किसानों को निरंतर जागरूक करते आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को सरकारी योजनाओं, अनुदान एवं विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे क्षेत्र के अनेक किसान आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं और उनकी आय में वृद्धि हुई है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अरुण कुमार जायसवाल ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह सम्मान मुझे कृषि क्षेत्र में और अधिक ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। मेरा उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।” उन्होंने कहा कि वे आगे भी किसानों के हित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।

सम्मान समारोह में प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी वर्ग एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद सिमराही क्षेत्र के लोगों ने अरुण कुमार जायसवाल को सम्मान मिलने पर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment