सुपौल: तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूल जा रही छात्रा को कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

News Desk Supaul:

जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गद्दी–सुखानगर चौक सड़क मार्ग पर सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में स्कूल जा रही एक छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना अंग्रेज हत्ता के समीप उस समय हुई, जब चिलौनी दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 2 निवासी शिव राम साह की लगभग 16 वर्षीय पुत्री सुलेखा कुमारी अपने पिता के साथ साइकिल से विद्यालय जा रही थी।

मृतका एसबीके बालिका उच्च विद्यालय, प्रतापगंज की छात्रा थी और आगामी 17 फरवरी से शुरू होने वाली मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाली थी। परीक्षा की तैयारी और उससे जुड़े कुछ कार्यों के लिए वह अपने पिता के साथ घर से निकली थी। पिता-पुत्री अलग-अलग साइकिल पर सवार थे।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही हाइवा वाहन संख्या बीआर 52 जी–7892 ने छात्रा की साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि सुलेखा की मौके पर ही मौत हो गई। संयोगवश पिता बाल-बाल बच गए, लेकिन अपनी आंखों के सामने बेटी को खो देने से वे बेसुध हो गए।

घटना के बाद चालक और सह चालक हाइवा लेकर मौके से फरार होने का प्रयास करने लगे, लेकिन छात्रा के पिता ने साहस दिखाते हुए वाहन को किसी तरह रोक लिया। बावजूद इसके चालक और सह चालक मौके से फरार होने में सफल रहे। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।

घटना के बाद जैसे ही सूचना परिजन तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल था। एक होनहार छात्रा की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हाइवा वाहन सहित मृतका के शव को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने परिजनों को ढांढस बंधाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]