Report: A.K Chaudhary
केंद्रीय बजट सत्र के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट भाषण का लाइव प्रसारण आज प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया के आवासीय परिसर में किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने बजट भाषण को गंभीरता से देखा एवं सुना।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बजट में आमजन, किसान, युवा, महिला एवं मध्यम वर्ग के लिए की गई घोषणाओं की सराहना की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह बजट विकासोन्मुखी है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, डिजिटल इंडिया, शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान आने वाले समय में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। यह बजट देश की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक संतुलन बनाए रखने वाला बजट है।
नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय बजट में मध्यम वर्ग को राहत देने के साथ-साथ रोजगार सृजन, इंफ्रास्ट्रक्चर तथा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मजबूत प्रावधान किए गए हैं। यह बजट हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर विशेष फोकस किया गया है।
नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश के समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप है। इसमें किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण तथा गरीब वर्ग के जीवन स्तर में सुधार के लिए दूरदर्शी प्रावधान किए गए हैं। सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने से व्यापार और उद्योग को गति मिलेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप और एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने वाले प्रावधान आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती देंगे।
वहीं सीए सोनू पंसारी ने बजट को कुल मिलाकर सामान्य बताया। उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है, हालांकि आयकर रिटर्न दाखिल करने की समय सीमा में कुछ शर्तों के साथ बढ़ोतरी की गई है। श्रम पोर्टल के माध्यम से नवयुवकों को रोजगार का नया प्लेटफार्म मिला है, स्टार्टअप सेक्टर को ऊर्जा देने के प्रयास किए गए हैं और बिहार मखाना बोर्ड के गठन की घोषणा राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा एवं राजकुमार पोद्दार, नगर उपाध्यक्ष रमन झा एवं विजय मंडल, शक्ति केंद्र प्रमुख सुमित महतो एवं कृष्णा दास, किशोर दास, शुभम राज सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बजट के समर्थन और केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना के साथ किया गया।







