सुपौल: सिमराही में NH 27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित मछली मार्केट के पास सोमवार एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए।

बताया जाता है कि घायल बुजुर्ग अपने ससुराल सिमराही आए हुए थे और किसी आवश्यक कार्य से मछली मार्केट गए थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही डायल-112 हाईवे गश्ती वाहन की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

घायल की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदगंज कटही वार्ड संख्या-5 निवासी लक्ष्मी दास (उम्र लगभग 75 वर्ष) के रूप में हुई है। बुजुर्ग के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

इधर, घटना को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]