Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज स्थित हाई स्कूल के मैदान में बाल विजय क्रिकेट क्लब के बैनर तले आयोजित गणपतगंज क्रिकेट लीग–2026 के छठे दिन सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। यह मुकाबला किसनपुर और त्रिवेणीगंज की टीमों के बीच हुआ, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान में मौजूद रहे।
मैच में टॉस जीतकर किसनपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन यह फैसला टीम के लिए सही साबित नहीं हो सका। किसनपुर की बल्लेबाजी बेहद कमजोर रही और पूरी टीम 15वें ओवर में मात्र 85 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के बल्लेबाज त्रिवेणीगंज के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और लगातार विकेट गिरते रहे, जिससे किसनपुर बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही। त्रिवेणीगंज के तरफ से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मुर्शिद ने 4 ओवर में 12 देकर 4 विकेट लिया।

86 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिवेणीगंज की टीम ने संयमित और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने कुछ विकेट जरूर गंवाए, लेकिन अंततः 17वें ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच ऑफ द मैच त्रिवेणीगंज के खिलाड़ी मुर्शिद को दिया गया।
इस जीत के साथ ही त्रिवेणीगंज की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला मंगलवार को बॉयज इलेवन सहरसा और त्रिवेणीगंज के बीच खेला जाएगा। फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
गणपतगंज क्रिकेट लीग–2026 के आयोजन से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है और युवाओं में क्रिकेट के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है। सभी की निगाहें अब फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं, जहां दर्शकों को रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
मौके पर अध्यक्ष मनीष कुमार यादव, सचिव आशीष साह, अंपायर कैफी आजमी, मुकेश साह, कमेंटेटर राजेश कुमार, सना चांद, संजीव कर्ण, बबलू सिंह, चेतन शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, शंकर यादव, प्रशांत कुमार, प्रमोद यादव, गोलू बुमराह, मोनू कुमार, युगल जायसवाल, सुमित, सुभाष आदि उपस्थित थे।







