Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज स्थित हाई स्कूल के मैदान में आयोजित गणपतगंज क्रिकेट लीग–2026 का सातवें एवं अंतिम दिन भव्य समापन हुआ। पूरे एक सप्ताह तक चले इस प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आदित्य इलेवन त्रिवेणीगंज और बॉयज इलेवन सहरसा के बीच खेला गया, जिसमें आदित्य इलेवन त्रिवेणीगंज ने शानदार, संतुलित और आक्रामक प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर आदित्य इलेवन त्रिवेणीगंज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 262 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुरुआत से ही त्रिवेणीगंज के बल्लेबाजों ने आक्रामक तेवर दिखाए और सहरसा के गेंदबाजों को दबाव में रखा।
त्रिवेणीगंज की ओर से धीरेंद्र कुमार ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 54 गेंदों में 121 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में कई शानदार चौके और लंबे छक्के शामिल रहे। मैदान के चारों ओर लगाए गए दर्शक दीर्घा में मौजूद दर्शकों ने हर बड़े शॉट पर तालियों और नारों से उनका उत्साह बढ़ाया। धीरेंद्र कुमार की इस शतकीय पारी ने मैच की दिशा पूरी तरह त्रिवेणीगंज के पक्ष में मोड़ दी।
इसके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान देकर टीम के स्कोर को मजबूत बनाया। अंतिम ओवरों में तेज रन बटोरते हुए टीम ने सहरसा के सामने 263 रनों का कठिन लक्ष्य रख दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बॉयज इलेवन सहरसा की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। शुरुआती ओवरों में ही उसके प्रमुख बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए, जिससे टीम की रन गति पर ब्रेक लग गया। लगातार गिरते विकेटों के कारण सहरसा की टीम संभल नहीं पाई और 17वें ओवर में 179 रन बनाकर पूरी टीम ऑल आउट हो गई।
आदित्य इलेवन त्रिवेणीगंज के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए सहरसा के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। फील्डिंग में भी त्रिवेणीगंज की टीम पूरी तरह सतर्क नजर आई, जिससे विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बना रहा।

इस तरह आदित्य इलेवन त्रिवेणीगंज ने फाइनल मुकाबला 83 रनों के बड़े अंतर से जीतकर गणपतगंज क्रिकेट लीग–2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। शानदार शतकीय पारी और मैच विजयी प्रदर्शन के लिए धीरेंद्र कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। जबकि मैन आफ द सीरीज मुर्शिद को दिया गया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जिला परिषद प्रतिनिधि धीरेंद्र यादव के द्वारा विजेता टीम आदित्य इलेवन त्रिवेणीगंज के खिलाड़ियों को विजेता कप प्रदान किया गया। कमिटी की ओर से विजेता टीम आदित्य इलेवन त्रिवेणीगंज को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार, जबकि उपविजेता टीम बॉयज इलेवन सहरसा को 11 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, अंपायरों, दर्शकों और सहयोगियों का आभार प्रकट किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला। स्थानीय खेल प्रेमियों ने ऐसे आयोजनों को क्षेत्रीय प्रतिभाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और भविष्य में और बड़े स्तर पर प्रतियोगिता कराने की मांग की।
गणपतगंज क्रिकेट लीग–2026 ने न सिर्फ मनोरंजक क्रिकेट मुकाबले दिए, बल्कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मंच भी प्रदान किया।
मौके पर मुखिया कमलेश साह, बबलू चौधरी, संजीव कर्ण, रामसेवक यादव, मो जियऊदीन, गुड्डू चौधरी, बिनोद वर्मा, बबलू सिंह, कृष्ण कुमार शर्मा, राजेश अग्रवाल, फूल बाबू, अरविंद यादव, महानन्द पाण्डेय, विनय बिहारी दास, किशोर कुमार राय, सोना वर्मा, अक्षय वर्मा, सुनील लाल, आयोजन कमिटी अध्यक्ष मनीष कुमार यादव, सचिव आशीष साह आदि लोग उपस्थित थे।







