News Desk Supaul:
सुपौल जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। दिन के उजाले में हथियार से लैस बदमाशों ने मवेशी व्यापारियों को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह सनसनीखेज वारदात सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 22 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो मवेशी व्यापारी सुबह सुपौल से सिंहेश्वर स्थित मवेशी हाट जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सदर बाजार के वार्ड 22 में एक गली के पास बाइक सवार दो अपराधी उनके करीब पहुंचे और कनपट्टी पर हथियार सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अपराधियों ने रुपये से भरा बैग छीन लिया और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ितों के अनुसार, लूटे गए बैग में लगभग 25 लाख रुपये थे, जो मवेशी खरीद के लिए ले जाए जा रहे थे। घटना के तुरंत बाद व्यापारियों ने सदर थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
बताया गया है कि पीड़ित व्यापारी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले मो. नवाब और मो. शहजाद हैं, जो पिछले करीब दस वर्षों से सुपौल में रहकर मवेशी खरीद-बिक्री का व्यवसाय कर रहे हैं। दोनों सुपौल नगर परिषद के वार्ड संख्या 18 में किराए के कमरे में रहते हैं। पीड़ितों का कहना है कि कमरे से निकलने के कुछ ही दूरी पर यह वारदात हुई।
फिलहाल पीड़ित व्यापारियों ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इधर, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
इस मामले में सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि लूट की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।







