News Desk Supaul:
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज में शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे NH 106 पर दो यात्री बसों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। घटना गणपतगंज अस्थाई स्टैंड के समीप घटी की है। हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम बस वीरपुर से सहरसा जा रही थी और गणपतगंज अस्थाई स्टैंड पर खड़ी थी। इसी दौरान सहरसा से वीरपुर की ओर जा रही जानकी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने खड़ी शुभम बस में जा टकराई। बताया जा रहा है कि जानकी बस का स्टेयरिंग अचानक जाम हो गया, जिसके कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया।
टक्कर के बाद दोनों बसों के आगे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों बस का सामने वाला शीशा टूटकर चकनाचूर हो गया। घटना के समय बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्टैंड पर अधिक भीड़ होती और सामने से अन्य गाड़ी आता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलने पर राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों बसों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।







