सुपौल: गणपतगंज में चोरी की वारदात, मौलाना के घर से नकदी व चांदी के जेवरात ले उड़े चोर

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज वार्ड संख्या–3 में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मौलाना अब्दुल हमीद के घर में घुसकर ट्रंक और बक्से का ताला तोड़ दिया तथा उसमें रखे नकदी और चांदी के जेवरात चुरा लिए। चोरी के बाद घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा मिला, जबकि कपड़े और अन्य सामान घर के पीछे बाड़ी में फेंके हुए पाए गए।

बताया गया कि गृहस्वामी मौलाना अब्दुल हमीद उस समय अपने ससुराल गए हुए थे और घर में केवल उनकी पत्नी तुलसुम खातून मौजूद थीं। तुलसुम खातून ने बताया कि गुरुवार रात करीब 2 बजे वह जागीं और पानी लेने के लिए बाहर निकलीं। इसी दौरान उन्हें घर के पीछे कुछ संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। जब वह देखने गईं तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और कुछ लोग आपस में बात करते हुए नजर आए।

तुलसुम खातून ने बताया कि उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद चोर मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें तीन लोग दिखाई दिए थे। चोरों द्वारा चांदी का लगभग 10 भरी का गले का हार, 10 भरी की पायल, 5 भरी की एक अन्य पायल, 2 भरी का कान का जेवर, 2 भरी की बलिया, 5 भरी का चनन हार तथा करीब 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।

शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि उन्हें अभी तक इस घटना की जानकारी नहीं मिली है।

Leave a Comment