News Desk:
IND U19 vs ENG U19 Highlights: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी एक बार फिर भारतीय टीम ने अपने नाम कर ली है। फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त देते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में छठी बार ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया, जो अब तक किसी भी देश द्वारा सर्वाधिक है।

फाइनल मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और इंग्लिश गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
टीम इंडिया ने निर्धारित ओवरों में 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस ऐतिहासिक स्कोर की नींव वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने रखी। वैभव ने महज 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलते हुए फाइनल मुकाबले को एकतरफा बना दिया। उनकी पारी में शानदार टाइमिंग, दमदार शॉट्स और निरंतर रन गति देखने को मिली।

कप्तान आयुष ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 53 रनों की अहम पारी खेली और वैभव के साथ मजबूत साझेदारी की। मध्यक्रम में अभिज्ञान कुंडू ने केवल 31 गेंदों में 40 रन बनाकर रन गति को और तेज किया। वहीं अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाते हुए सिर्फ 20 गेंदों पर 37 रन ठोक दिए, जिससे भारत 400 के पार पहुंचने में सफल रहा।
411 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की अंडर-19 टीम दबाव में नजर आई। हालांकि इंग्लिश बल्लेबाजों ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने वे टिक नहीं सके। इंग्लैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और उसे 100 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो आरएस अंबरीश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। इसके अलावा दीपेश और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट हासिल कर इंग्लैंड की रन गति पर लगाम लगाए रखी। बाकी गेंदबाजों ने भी सटीक लाइन-लेंथ के साथ दबाव बनाए रखा।
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है। अब तक भारत छह बार चैंपियन बन चुका है, जबकि इस सूची में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने चार बार यह खिताब जीता है।
फाइनल मुकाबले के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 175 रनों की पारी के दम पर कई नए कीर्तिमान भी स्थापित किए। उनकी यह पारी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास की सबसे यादगार पारियों में शामिल हो गई है और आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के लिए एक उज्ज्वल भविष्य की झलक भी पेश करती है।







