सुपौल: गणपतगंज में 22 फरवरी को होगा भव्य शिव गुरु महोत्सव, अर्चित आनंद ने लिया तैयारियों का जायजा

Report: A.K Chaudhary

राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज स्थित हरावत राज उच्च विद्यालय के मैदान में आगामी 22 फरवरी रविवार को एक दिवसीय भव्य शिव गुरु महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिव शिष्या दीदी बरखा आनंद एवं शिव शिष्य अर्चित आनंद (अन्नू बाबू) का आगमन होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही हैं।

इसी क्रम में शनिवार को शिव शिष्य अर्चित आनंद स्वयं गणपतगंज पहुंचे और आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था, सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग, शौचालय, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं और समिति के सदस्यों से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

मीडिया से बातचीत में शिव शिष्य अर्चित आनंद ने कहा कि 22 फरवरी को शिव गुरु महोत्सव का आयोजन होना है, जिसकी तैयारियों में स्थानीय लोग पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महादेव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कोसी क्षेत्र की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह इलाका पूर्व से ही महादेव के गुरु स्वरूप से परिचित रहा है। साहब हरिंद्रानंद जी द्वारा कोसी क्षेत्र से शुरू की गई यह परंपरा आज भी लोगों के बीच जीवंत है। उन्होंने कहा कि यह भूमि पहले से ही जागृत है और यहां शिव गुरु के विचारों को आगे बढ़ाने का सशक्त आधार मौजूद है। उन्होंने आगे बताया कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य नए लोगों को शिव गुरु से जोड़ना और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करना है।

आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, इस भव्य आयोजन में करीब दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए सभी प्रकार की तैयारियां की जा रही है।

कार्यक्रम के आयोजन में महेश्वर यादव, मुन्ना मंडल, गोपाल पौद्दार, अरविंद पांडेय, सुमन कुमार, रामपुकार मंडल, देवेंद्र लाल दास, रामशंकर सहित कई कार्यकर्ता और सामाजिक लोग सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।

Leave a Comment