सुपौल में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, करजाईन में राइस मिल व आवासों पर छापेमारी से हड़कंप, पैनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़ा मामला

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के करजाईन में मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंत राइस मिल और उसके संचालक बसंत साह के आवास पर एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आवास पर 8 वाहनों और राइस मिल परिसर में 7 वाहनों के काफिले के साथ आयकर विभाग के करीब तीन दर्जन से अधिक अधिकारी पहुंचे, जिनके साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था।

बताया गया कि आयकर विभाग की टीम ने बसंत राइस मिल के अलावा हर्ष ट्रेडर्स और गंगेज राइस मिल में भी एक साथ छापेमारी शुरू की है। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों की गहन जांच, कंप्यूटर सिस्टम, लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और बैंक से संबंधित कागजात खंगाले जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इन राइस मिलों में पैनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा का सहयोग या व्यावसायिक संबंध भी है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह पैनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा के सुपौल और पूर्णिया जिले में स्थित दर्जनों ठिकानों पर भी आयकर विभाग द्वारा एक साथ छापेमारी की जा रही है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति, कर चोरी और वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामलों की जांच को लेकर की जा रही है।

हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई देर शाम तक चलने की संभावना जताई जा रही है, जिसके बाद ही जांच के दायरे और संभावित खुलासों की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Comment