News Desk Purnea/Supaul:
बिहार में पनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी से हड़कंप मच गया है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे आयकर विभाग की टीम ने पूर्णिया जिले में पनोरमा ग्रुप के दफ्तरों पर एक साथ रेड की। बायपास और जिला स्कूल रोड स्थित पनोरमा ग्रुप के कार्यालय में आयकर विभाग की टीम ने अचानक धावा बोला, जिसके बाद दिनभर छापेमारी की कार्रवाई चलती रही।
छापेमारी के दौरान पनोरमा ग्रुप के किसी भी कार्यालय में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। यहां तक कि पूर्णिया स्थित आयकर कार्यालय के स्थानीय पदाधिकारियों को भी इस छापेमारी दल में शामिल नहीं किया गया। पूरे ऑपरेशन को पूरी तरह गोपनीय रखा गया। छापेमारी दल में भागलपुर अन्वेषण इकाई के साथ पटना, रांची और मुंबई स्थित आयकर विभाग के अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं।

आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, टीम ने पनोरमा ग्रुप के एमडी संजीव मिश्रा के पारिवारिक सदस्यों, रिश्तेदारों और दफ्तरों में कार्यरत कर्मचारियों से लंबी पूछताछ की है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फाइलों और अभिलेखों की गहन जांच की गई।
पनोरमा ग्रुप का पूर्णिया में पिछले करीब एक दशक से कारोबार है। इस अवधि में ग्रुप ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विकसित किए हैं। पूर्णिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर, रंगभूमि मैदान के समीप, तनिष्क शोरूम के पास और जिला स्कूल रोड में पनोरमा ग्रुप की इमारतें स्थित हैं। वहीं मधुबनी–मरंगा बायपास के पास एक नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य भी जारी है। बायपास स्थित पनोरमा की आवासीय कॉलोनी में सैकड़ों परिवार मकान खरीदकर रह रहे हैं।
पूर्णिया के साथ-साथ सुपौल जिले में भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी रही। सुपौल के छातापुर प्रखंड में स्थित पनोरमा स्कूल और पनोरमा हॉस्पिटल पर सुबह करीब साढ़े छह बजे एक साथ छापेमारी शुरू की गई। करीब दर्जन भर गाड़ियों में पहुंचे आयकर विभाग के लगभग तीन दर्जन अधिकारी और कर्मी दोनों परिसरों में मौजूद रहे। स्कूल और हॉस्पिटल की फाइलों और दस्तावेजों की सघन जांच की जा रही है।
पनोरमा हॉस्पिटल के डायरेक्टर अमित मिश्रा ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे आयकर विभाग की टीम हॉस्पिटल पहुंची, जिसके बाद से लगातार जांच की जा रही है। हॉस्पिटल से संबंधित सभी फाइलों और अभिलेखों को खंगाला जा रहा है।

इसी क्रम में सुपौल जिले के करजाईन बाजार स्थित बसंत राइस मिल और मिल संचालक बसंत कुमार के आवास पर भी आयकर विभाग ने एक साथ छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक, बसंत राइस मिल का संबंध पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से बताया जा रहा है। इसी कड़ी में छातापुर और करजाइन में कुल चार ठिकानों पर एक साथ आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। करजाईन स्थित राइस मिल में भी करीब डेढ़ दर्जन आयकर अधिकारी और कर्मी दस्तावेजों की जांच में जुटे हुए हैं।
फिलहाल आयकर विभाग की यह छापेमारी लगातार जारी है और अब तक किसी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। पूरे मामले पर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है, वहीं आयकर विभाग की रिपोर्ट और निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।







