Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज बाजार में प्रतिदिन लगने वाले जाम से आम लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गणपतगंज बाजार से बाबा भीमशंकर मंदिर जाने वाली सड़क पर स्थिति और भी गंभीर बनी रहती है। शाम के समय यहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे बाजार आने-जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार जाम की मुख्य वजह सड़क किनारे फैला अतिक्रमण है। गौरतलब है कि गणपतगंज बाजार से होकर NH 106 गुजरती है। राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानों और ठेले-खोमचे के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित होता है। परिणामस्वरूप NH 106 और भीमशंकर मंदिर जाने वाली सड़क के जंक्शन प्वाइंट पर अक्सर यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।

महाशिवरात्रि और सावन जैसे धार्मिक अवसरों पर स्थिति और भी विकराल हो जाती है। इन दिनों बाबा भीमशंकर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन जाम के कारण श्रद्धालुओं को घंटों तक फंसे रहना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर जाने वाली सड़क और NH 106 के जंक्शन के पास कुछ मांस दुकानदारों द्वारा मांसाहारी अवशेष और गंदा पानी सड़क पर फेंक दिया जाता है। इससे न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि पूजा करने आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत होती हैं और उन्हें आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने कहा कि जल्द ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।







