News Desk Supaul:
जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत अमहा स्थित बाबा बुलंदी स्थान एवं जोलहनिया स्थित कैलाशपुरी शिव मंदिर का डीएम सावन कुमार ने बुधवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य दोनों धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन करना था।

उल्लेखनीय है कि इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं स्नानघर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विधानसभा में प्रश्न उठाया गया था। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को आवश्यक तकनीकी आकलन कर शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला, पेयजल, शौचालय एवं स्नानघर की समुचित व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, पिपरा अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।







