News Desk Supaul:
पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा के ठिकानों पर आयकर विभाग की चल रही छापेमारी के बीच उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए बयान जारी करते हुए कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं और हर प्रकार की जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने पूर्णिया और सुपौल जिले के छातापुर और करजाईन में पनोरमा ग्रुप से जुड़े दर्जनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई शुरू की थी। सुबह करीब छह बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में विभाग के कई अधिकारी और पुलिस बल शामिल हैं। छापेमारी की कार्रवाई देर रात तक जारी रही और बुधवार को भी टीम दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में जुटी रही।

इसी बीच संजीव मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हम कानून का सम्मान करते हैं और हर जांच में सहयोग करेंगे। लेकिन दुर्भावना से की गई कोशिशें हमें रोक नहीं सकतीं। आप सभी का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” उनके इस बयान को छापेमारी के बाद उनकी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम वित्तीय दस्तावेज, लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच कर रही है। हालांकि विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। छापेमारी की कार्रवाई को लेकर स्थानीय व्यावसायिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।
फिलहाल आयकर विभाग की जांच प्रक्रिया जारी है। आगे की स्थिति विभाग की आधिकारिक जानकारी और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।







