सुपौल: राघोपुर में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामविशनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 7 में शुक्रवार की रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर फंदे से लटकाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपित घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

मृतका की पहचान रामविशनपुर वार्ड 7 निवासी सुंदर मुखिया की पत्नी कौशल्या देवी (35 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि उनकी शादी करीब 15 वर्ष पूर्व हुई थी और उनके तीन पुत्र हैं — गौतम कुमार (10 वर्ष), गौरव कुमार (5 वर्ष) तथा रोशन कुमार (4 वर्ष)। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतका के भाई बिनोद मुखिया ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बहन ने पहले फोन कर सूचना दी थी कि पति, सास, भैसुर सहित अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे फांसी लगाकर मारने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह जब वे बहन के घर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत राघोपुर थाना पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए।

मृतिका का फाइल फोटो

मृतका की मां ने भी गहरा दुख जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने इस मामले में सुंदर मुखिया, राजेश मुखिया, पारो देवी एवं टहरी देवी को नामजद आरोपित बताया है।

वहीं परिजन तेतरी देवी ने बताया कि करीब एक महीने पहले पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद हुआ था, जिसमें ससुराल पक्ष द्वारा करंट लगाने की घटना भी हुई थी। इलाज के बाद मामला शांत हो गया था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात फिर से झगड़ा हुआ, जिसके बाद कौशल्या देवी ने मायके फोन कर बताया कि ससुराल वाले उसे जान से मारने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार सुबह पुनः सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई है। जब वे लोग रामविशनपुर पहुंचे तो शव घर के बरामदे पर रखा हुआ मिला।

सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में गले पर निशान तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के संकेत मिलने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]