सुपौल: महाशिवरात्रि पर बाबा भीमशंकर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Report: A.K Chaudhary

महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज-धरहरा स्थित उत्तर बिहार के सुप्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक माने जाने वाले इस मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

जलाभिषेक करते श्रद्धालु

सुबह 4 बजे खुला मंदिर का पट, भक्तों ने किया जलाभिषेक

संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुबह 4 बजे ही मंदिर के पट खोल दिए, ताकि श्रद्धालु सुगमता से भगवान शिव के दर्शन कर सकें और जलाभिषेक कर सकें। हालांकि, सुबह 8 बजे तक भक्तों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन 8 बजे के बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी। दोपहर होते-होते हजारों श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए बाबा भीमशंकर के दर्शन करने पहुंचे। शाम 4 बजे तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

मंदिर परिसर में महिला, पुरुष और बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव से भगवान शिव की आराधना में लीन दिखाई दिए। बाहर मेला जैसा माहौल देखने को मिला, जहां लोग प्रसाद, फूल-माला, भस्म और पूजा सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक फूलों से सजे मंदिर का वातावरण दिव्य और अलौकिक प्रतीत हो रहा था।

जलाभिषेक के लिए लाइन में खड़े श्रद्धालु

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भक्तों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर से मुख्य सड़क तक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी, लेकिन सुबह करीब 10 बजे तक मंदिर परिसर में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट अनुपस्थित पाए गए। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे वीरपुर डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने ड्यूटी पर पुलिस बल की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद आनन-फानन में सभी पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। इसके बाद राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार अपनी टीम के साथ परिसर में तैनात रहे तथा महिला-पुरुष पुलिस बल को भीड़ व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी दी गई। जबकि मजिस्ट्रेट के रूप में अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया के अलावा प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अमित कुमार, श्रम पदाधिकारी सुबेश कुमार, सहकारिता पदाधिकारी सुनील कुमार, एमओ अमर कुमार तथा जीविका बीपीएम संतोष कुमार वर्मा मौजूद रहे।

सड़को पर दिनभर लगा रहा जाम

मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर पूरे दिन वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। जाम से निपटने के लिए प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय युवा भी तत्पर दिखे।

सड़क पर लगा जाम

50 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, निकलेगी भव्य बारात

महाशिवरात्रि के अवसर पर लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा भीमशंकर पर जलाभिषेक किया। पूरे क्षेत्र में शिवमय वातावरण देखने को मिला। रात्रि में राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी गणपतगंज बाजार से गाजे-बाजे के साथ भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी। यह बारात गणपतगंज बाजार, धरहरा होते हुए बाबा भीमशंकर मंदिर तक जाएगी। जहां मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया जाएगा।

शिवगंगा तक लगी लाइन

सोमवार को होगा जलढरी आयोजन

महाशिवरात्रि के अगले दिन सोमवार को जलढरी (विशेष जलाभिषेक) का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालु गंगाजल एवं विभिन्न तीर्थों से लाए पवित्र जल से बाबा भीमशंकर का अभिषेक करेंगे। मंदिर प्रशासन ने इसके लिए विशेष व्यवस्था की है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर सुपौल जिले सहित उत्तर बिहार के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर में शिव आराधना कर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]