सुपौल: राघोपुर में अवैध बालू खनन पर छापेमारी, दो ट्रैक्टर जब्त, विरोध कर वाहन छुड़ाया, 3 नामजद समेत 25 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज

राघोपुर क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी कर दो ट्रैक्टर जब्त किए, लेकिन विरोध के दौरान वाहन छुड़ा लिया गया। मामले में 15–20 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास पंचायत अंतर्गत बिचारी गांव के पास चिलोनी नदी में रविवार को अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। जिला खनन पदाधिकारी शाहबाज अहमद ने पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बालू ढो रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा।

अधिकारियों के अनुसार दोनों वाहनों पर बिना वैध चालान के बालू लोड था और उसकी आपूर्ति की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान नदी से अवैध तरीके से बालू निकासी की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैक्टरों को जब्त कर राघोपुर थाना लाया जा रहा था।

बताया गया कि इसी बीच वाहन मालिक अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए ट्रैक्टरों को ले जाने से रोक दिया और उन्होंने वाहनों को जबरन छुड़ा लिया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कथित रूप से पदाधिकारी के साथ धक्का-मुक्की भी की गई, जिससे कार्रवाई बाधित हुई।

हालात बिगड़ते देख खनन पदाधिकारी ने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पूरे मामले को लेकर खनन पदाधिकारी ने राघोपुर थाना में लिखित शिकायत दी है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजू मास्टर, मो. शमसुल और मो. मशखुर सहित 15–20 अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]