Report: A.K Chaudhary
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट ‘अमृत’ के अंतर्गत रविवार को राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के गणपतगंज में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। “स्वच्छ जल – स्वच्छ मन” थीम पर आधारित इस अभियान के तहत निरंकारी मिशन के सेवादल, महिला एवं पुरुष महात्माओं ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) गणपतगंज परिसर में सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बताया गया कि प्रोजेक्ट ‘अमृत’ का शुभारंभ 26 फरवरी 2023 को किया गया था, जबकि इसका दूसरा चरण 25 फरवरी 2024 से प्रारंभ हुआ। इस मेगा अभियान का मुख्य उद्देश्य नदियों, झीलों, तालाबों और कुओं जैसे जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल सुनिश्चित करना है। यह अभियान देश के 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 1500 से अधिक स्थानों तथा 730 से अधिक शहरों में संचालित किया जा चुका है, जिसमें लाखों स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
गणपतगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सेवादलों ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में फैले कचरे को हटाया, झाड़ियों की सफाई की और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है।

इस अवसर पर महात्मा वासुदेव यादव ने कहा, “प्रोजेक्ट ‘अमृत’ केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। स्वच्छ जल और स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ जीवन संभव है। हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।”
वहीं महात्मा प्रमोद कुमार चौधरी ने कहा कि संत निरंकारी मिशन की यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। जब तक जन-जन में स्वच्छता और जल संरक्षण की भावना जागृत नहीं होगी, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। हम सबको मिलकर इस अभियान को जनांदोलन बनाना होगा।

बताया जाता है कि यह पहल संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही है, जो स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों को भी सशक्त समर्थन प्रदान करती है। यह अभियान बाबा हरदेव सिंह की शिक्षाओं से प्रेरित है और वर्तमान में सुदीक्षा माता जी के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है।
मौके पर महात्मा गुमन यादव, जयप्रकाश चौधरी, सुखदेव शर्मा, प्रमोद यादव, कामेश्वर यादव, हीरालाल यादव, रामकिशुन, राजन कुमार, सुधीर कुमार, चंद्रमा देवी, पिंकी देवी, भोला देवी, मीरा देवी आदि महात्मा उपस्थित थे।







