बिहार में बर्ड फ्लू का कहर: पटना में 4,575 मुर्गियां मारी गईं, संजय गांधी बायोलॉजिकल पार्क 7 मार्च तक बंद

बिहार में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि के बाद पटना में 4,575 मुर्गियों को मारा गया है। प्रभावित इलाके को संक्रमित घोषित कर सैनिटाइजेशन किया गया है। एहतियातन संजय गांधी बायोलॉजिकल पार्क को 7 मार्च तक बंद कर दिया गया है और मुर्गियों के परिवहन पर रोक लगा दी गई है।

News Desk Patna:

होली में अब महज तीन दिन शेष हैं, लेकिन राजधानी पटना में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कौओं की अचानक मौत के बाद अब मुर्गियों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। पटना के पीसी कॉलोनी, कंकड़बाग स्थित ज़ू सेक्टर पार्क और पटना हाई कोर्ट परिसर में कौओं और मुर्गियों की मौत के बाद सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए थे, जहां से रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित घोषित कर दिया है। इस दौरान करीब 4,575 मुर्गियों को मारकर दफना दिया गया, जबकि 9,662 अंडे और 530 किलोग्राम चारा नष्ट किया गया। पूरे इलाके में व्यापक स्तर पर डिसइंफेक्टेंट का छिड़काव किया गया है।

एहतियात के तौर पर ज़ू सेक्टर पार्क और संजय गांधी बायोलॉजिकल पार्क (पटना ज़ू) को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, चितकोहरा के कौशल नगर स्थित बिहार एनिमल साइंस यूनिवर्सिटी के पोल्ट्री रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर में 6,000 मुर्गियां संक्रमित पाई गईं। डेयरी, फिशरीज और एनिमल रिसोर्स डिपार्टमेंट की टीम ने सभी मुर्गियों को वैज्ञानिक तरीके से दफनाने की कार्रवाई की और पूरे परिसर को सैनिटाइज किया।

यह इलाका एयरपोर्ट के समीप चितकोहरा पुल के नीचे घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, जिससे प्रशासन हाई अलर्ट पर है। पोल्ट्री फार्म क्षेत्र में बिना मास्क प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पटना के जिलाधिकारी के आदेश पर नगर निगम क्षेत्र में बाहर से मुर्गियों और मुर्गों के परिवहन पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है।

एनिमल हेल्थ एंड प्रोडक्शन इंस्टीट्यूट की छह सदस्यीय टीम कौशल नगर पहुंचकर सैंपल संग्रह और जांच में जुटी है। उल्लेखनीय है कि भागलपुर, कटिहार, पटना और दरभंगा में 400 से अधिक कौओं में बर्ड फ्लू के लक्षण मिलने के बाद पोल्ट्री सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। भोपाल लैब से संक्रमण की पुष्टि के बाद राज्य में सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

हालांकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है, लेकिन स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। कुछ लोगों का आरोप है कि उनके घरों के आसपास के क्षेत्रों को पूरी तरह सैनिटाइज नहीं किया गया है, जबकि बड़ी संख्या में पोल्ट्री की मौत हुई है।

होली के मद्देनज़र प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों से साफ-सफाई, मास्क के प्रयोग तथा संक्रमित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]