एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल सिमराही में ‘कलरफेस्ट 2026’ पर होली मिलन समारोह, रंगों और रचनात्मकता से सजा परिसर

सिमराही नगर पंचायत स्थित एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में ‘कलरफेस्ट 2026’ के तहत होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन हुआ। अबीर-गुलाल, लोकगीतों और रचनात्मक गतिविधियों के बीच विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर बनाकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सौहार्द्र और एकता के साथ होली मनाने का आह्वान किया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के सिमराही नगर पंचायत स्थित एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल परिसर में ‘कलरफेस्ट 2026’ के तहत होली मिलन समारोह का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर सभी ने प्रेम, सौहार्द्र और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे परिसर में होली के पारंपरिक लोकगीतों और उल्लासपूर्ण प्रस्तुतियों से त्योहार का माहौल जीवंत हो उठा।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने रंगों की थीम पर आकर्षक पोस्टर और कलात्मक चित्र तैयार किए, जिनमें सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय समरसता के संदेश उकेरे गए। छात्रों की सृजनात्मकता और कल्पनाशीलता ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आपसी मतभेद भुलाकर देश की प्रगति में सहभागी बनने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने कहा कि जैसे होली के रंग अलग-अलग होते हुए भी एक सुंदर समन्वय प्रस्तुत करते हैं, वैसे ही भारत की विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमें परस्पर सम्मान और सद्भाव के साथ इस पर्व को मनाना चाहिए।

प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने उपस्थित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम की सफलता में गौरव कुमार, काजल राउत, मनीषा झा, सुबंती लामा, शिव शंकर मेहता और सुधांशु वर्मा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और आपसी सौहार्द्र की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]