सुपौल: भपटियाही पुलिस की कार्रवाई, NH-27 पर पिकअप से 5120 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, तस्कर गिरफ्तार

सुपौल के भपटियाही थाना पुलिस ने एनएच-27 पर कोसी महासेतु के पास वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप वैन से 32 कार्टून में 5120 बोतल प्रतिबंधित कोडिंग युक्त कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के भपटियाही थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप बरामद की है। गुरुवार सुबह एनएच-27 पर कोसी महासेतु के पास वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में कोरेक्स कफ सिरप जब्त किया।

भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन से अवैध रूप से प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-27 पर कोसी महासेतु के समीप वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन (नंबर BR-01GC-5584) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में मेडिकल किट और सलाइन की बोतलों के नीचे छिपाकर रखे गए 32 कार्टून बरामद किए गए। इन कार्टूनों की जांच करने पर कुल 5120 बोतल प्रतिबंधित कोडिंग युक्त कोरेक्स कफ सिरप पाया गया। पुलिस ने तुरंत वाहन को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान वैशाली जिले के राजापाकड़ थाना क्षेत्र के राजापाकड़ दलालपुर गांव, वार्ड संख्या 15 निवासी मनोरंजन राय के रूप में की गई है। पूछताछ में सामने आया कि यह खेप पटना से पूर्णिया ले जाई जा रही थी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद कफ सिरप और पिकअप वाहन को जब्त कर भपटियाही थाना लाया गया है। इस मामले में पिकअप चालक मनोरंजन राय तथा वाहन मालिक के खिलाफ भपटियाही थाना कांड संख्या 69/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]