Report: A.K Chaudhary
सुपौल में आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की। इस दौरान जिला स्थापना दिवस, बिहार दिवस, ईद-उल-जोहा (ईद) और रामनवमी को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि इस वर्ष जिला स्थापना दिवस 14 मार्च, बिहार दिवस 22 मार्च, ईद-उल-जोहा (ईद) 21 मार्च तथा रामनवमी 27 मार्च को मनाई जाएगी। इन सभी पर्वों को शांतिपूर्ण और आपसी सौहार्द के साथ मनाने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुलिस प्रशासन तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को चौकसी बरतने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। ईद और रामनवमी पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीजे के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने का भी निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर परिषद और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे। इसके अलावा जिला शांति समिति के सभी सम्मानित सदस्य भी बैठक में उपस्थित रहे।
सदस्यों ने प्रशासन से पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने का अनुरोध किया। बैठक में सुपौल पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा), अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सहित अन्य वरीय पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।







