Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के डॉ. राजेंद्र पब्लिक स्कूल परिसर में गुरुवार को कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया। सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में विद्यालय का माहौल भावनाओं, उत्साह और भविष्य के सपनों से सराबोर नजर आया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद मंच पर एक के बाद एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। विद्यालय की छात्राओं भाव्या कुमारी, रौशनी कुमारी, प्रतीक्षा कुमारी, भावना कुमारी, सौम्या कुमारी, शालनी और जानवी ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति में भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान विद्यालय के निदेशक आर. के. रसिक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्कूल का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित ज्ञान देना नहीं होता, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करना भी होता है। उन्होंने कहा कि आज इन छात्रों को विदा करते समय एक भावनात्मक क्षण महसूस हो रहा है, क्योंकि विद्यालय में बिताए गए वर्षों के दौरान छात्र और शिक्षक एक परिवार की तरह बन जाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय के छात्र आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के प्राचार्य राजेश आर्या ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विदाई जीवन की एक नई शुरुआत का संकेत होती है। उन्होंने छात्रों से कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और हमेशा सत्य व ईमानदारी के मार्ग पर चलने की सलाह दी।
भारतीय परंपरा के अनुरूप इस अवसर पर जूनियर कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने अपने सीनियर साथियों को स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान कई क्षण ऐसे भी आए जब छात्रों की आंखें नम हो गईं। छोटे बच्चों ने अपने वरिष्ठ साथियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें मार्गदर्शन दिया। समारोह के अंत में छात्रों ने अपने शिक्षकों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के वरीय शिक्षक प्रीति वर्मा, नूतन झा, संतोष कुमार दास, मुकेश कुमार दास, प्रभुनारायण मेहता, सुमन कुमारी, दीपक कुमार, पिंकी कुमारी, खुशी कुमारी, अंजलि कुमारी और विकास कुमार सहित कई अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।







