सुपौल: मरौना के उच्च विद्यालय रसुआर में विकास की नई शुरुआत, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने 10 नए कमरों का किया उद्घाटन

सुपौल के मरौना प्रखंड स्थित उच्च विद्यालय रसुआर में 1.71 करोड़ रुपये की लागत से बने 10 नए कमरों का उद्घाटन ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने किया। इस दौरान डीएम सावन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के मरौना प्रखंड क्षेत्र स्थित उच्च विद्यालय रसुआर में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। गुरुवार को बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने विद्यालय परिसर में नवनिर्मित 10 कमरों का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार भी मौजूद रहे।

बताया गया कि विद्यालय में लगभग 1 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से इन 10 नए कमरों का निर्माण कराया गया है। इन कमरों के बन जाने से विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और पर्याप्त कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पढ़ाई-लिखाई में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी शहरों की तरह बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। मंत्री ने यह भी कहा कि स्कूलों में भवन, कक्षाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से छात्रों का मन पढ़ाई में अधिक लगेगा और शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और शिक्षा के महत्व को समझें।

इस मौके पर जदयू के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]