सुपौल में भीड़तंत्र का कहर: नाबालिग लड़के की पिटाई कर कराई जबरन शादी, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

सुपौल के रजेश्वरी थाना क्षेत्र में भीड़ ने एक नाबालिग लड़के की पिटाई कर उसकी जबरन शादी करा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस युवक की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

News Desk Supaul:

Supaul Forced Marriage Viral Video: बिहार के सुपौल जिले के रजेश्वरी थाना क्षेत्र से भीड़तंत्र की एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां ग्रामीणों की भीड़ ने एक नाबालिग लड़के को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और दबाव बनाकर उसकी जबरन शादी एक नाबालिग लड़की से करा दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।

इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, मंदिर में मिलने बुलाया

जानकारी के अनुसार मामला रजेश्वरी थाना क्षेत्र के तमुआ पंचायत के गोचर भतनी टोला का बताया जा रहा है। चरने तमुआ गांव निवासी सुधीर यादव के पुत्र प्रिंस कुमार की करीब आठ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पास के गांव की एक लड़की से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला चल रहा था। बताया जाता है कि बुधवार (11 मार्च) की शाम लड़की ने फोन कर प्रिंस को गोचर भतनी टोला स्थित एक मंदिर के पास मिलने के लिए बुलाया था। जब दोनों मंदिर के पास मिले तो वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया।

वायरल वीडियो

ग्रामीणों ने घेरकर की बेरहमी से पिटाई

दोनों को साथ देखने के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। आरोप है कि भीड़ ने लड़के को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग युवक को घेरकर मारपीट कर रहे हैं। बताया जाता है कि इस दौरान कुछ लोग उसे धमका रहे थे और शादी करने के लिए दबाव बना रहे थे।

रोता रहा लड़का, बोला— अभी पढ़ाई कर रहा हूं

पिटाई के दौरान युवक बार-बार लोगों से रहम की गुहार लगाता रहा। वीडियो में वह लोगों से कहता नजर आ रहा है कि वह अभी पढ़ाई कर रहा है और इस समय शादी नहीं करना चाहता। उसने यह भी कहा कि अगर उसकी जबरन शादी कराई गई तो उसका भविष्य और कैरियर बर्बाद हो जाएगा। हालांकि वहां मौजूद भीड़ ने उसकी एक भी नहीं सुनी।

दबाव बनाकर कराई दोनों नाबालिगों की शादी

आरोप है कि मारपीट और दबाव के बीच ग्रामीणों ने दोनों नाबालिगों की जबरन शादी करा दी। वायरल वीडियो में यह भी दिख रहा है कि युवक मानसिक दबाव से परेशान होकर खुद का गला दबाकर आत्महत्या करने की कोशिश करता है, हालांकि वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया।

पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने कर दिया विरोध

घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार रात पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। लेकिन बताया जा रहा है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध किया और उन्हें वहां से वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक की भी बात सामने आई है, जिसका वीडियो भी वायरल बताया जा रहा है।

परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप

इस मामले को लेकर युवक के पिता सुधीर यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चार नामजद समेत कई अज्ञात लोगों पर उनके बेटे को जबरन पकड़कर ले जाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक के पिता और मां किरण देवी ने बताया कि बुधवार शाम उन्होंने अपने बेटे को गोचर हटिया बाजार से कुछ सामान लाने के लिए भेजा था, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह जब उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखा, तब उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली।

अब तक नहीं हुई युवक की बरामदगी

परिजनों का आरोप है कि बुधवार रात करीब 12 बजे थाना में आवेदन देने के बावजूद न तो तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही उनके बेटे की बरामदगी हो सकी। परिवार को आशंका है कि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी भी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार फिलहाल युवक लड़की पक्ष और कुछ ग्रामीणों के कब्जे में बताया जा रहा है।

पुलिस बोली— टीम लगी है, कार्रवाई जारी

मामले को लेकर सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि इस मामले में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं जब युवक की बरामदगी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने संबंधित अधिकारी से जानकारी लेने की बात कही। वही एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि युवक की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को भेजा गया है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]