Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले में शनिवार की शाम दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना भपटियाही थाना क्षेत्र के शाहपुर पृथ्वीपट्टी पंचायत के शाहपुर गांव की है, जहां शाम करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पंचायत के उपमुखिया पति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शाहपुर पृथ्वीपट्टी वार्ड संख्या 05 निवासी 70 वर्षीय रामदेव राय गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने बताया कि रामदेव राय किसी काम से शाहपुर चौक गए थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। मामले में भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को पकड़ लिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दूसरी घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास विश्वकर्मा चौक के समीप शनिवार संध्या करीब 7 बजे हुई। यहां एक ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घायल युवकों की पहचान किसनपुर थाना क्षेत्र के नवटोली निवासी 20 वर्षीय संजीत कुमार और पिपरा थाना क्षेत्र के छिट दुबियाही वार्ड 19 निवासी बोकु मंडल के 25 वर्षीय पुत्र बाबूचंद मंडल के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राघोपुर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की मदद से घायलों को रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया।
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर संजीव द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि संजीत कुमार की हालत अत्यंत गंभीर है और उसके दोनों पैर टूट गए हैं।
इधर, एक ही समय में तीन गंभीर घायलों के रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचने से कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद तुरंत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया कि आवेदन मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।







