सुपौल: धरहारा में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

राघोपुर प्रखंड के धरहारा वार्ड 13 में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। कथा का वाचन अयोध्या से पधारे पंडित धीरेंद्र शास्त्री महाराज करेंगे।

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर प्रखंड के धरहारा वार्ड संख्या 13 में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह धार्मिक आयोजन धरहारा निवासी शिवनंदन चौधरी द्वारा अपने निवास स्थान पर कराया जा रहा है, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

कलश यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर धरहारा के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नगर भ्रमण पर निकली। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्तगण भक्ति गीतों और जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा का मुख्य पड़ाव धरहारा स्थित भीमशंकर मंदिर रहा, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद यात्रा मंदिर रोड होते हुए पुनः कथा स्थल पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस धार्मिक शोभायात्रा में सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई, वहीं युवाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया।

आयोजन समिति के अनुसार सात दिनों तक चलने वाले इस भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन संध्या समय प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचन के लिए पंडित रविंद्र शास्त्री महाराज अयोध्या से पधारे हैं, जो श्रद्धालुओं को श्रीमद भागवत कथा का रसपान कराएंगे। उनके प्रवचन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

मौके पर अरुण चौधरी, दुर्गानंद चौधरी, मनीष चौधरी, बमबम चौधरी, जयप्रकाश चौधरी, रवि कुमार, बैद्यनाथ चौधरी, ललन चौधरी, दिनेश चौधरी, नंदकिशोर चौधरी, पंकज चौधरी आदि लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment