Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों को उठाव और वितरण पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। पदाधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार जिले की कुल 51 गैस एजेंसियों में से 44 पर एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि शेष एजेंसियों पर शीघ्र आपूर्ति की संभावना है।

जिले में वर्तमान में लगभग 10,780 गैस सिलेंडरों का भंडार उपलब्ध है। 19 मार्च को 5,351 उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की गई, जबकि 16,593 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है। औसतन 2.5 दिनों के भीतर गैस उपलब्ध कराई जा रही है, जो राज्य औसत से बेहतर स्थिति दर्शाता है। 51 में से 21 गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा भी शुरू कर दी गई है। तेल कंपनियों द्वारा अस्पतालों और सरकारी संस्थानों को वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी प्रारंभ कर दी गई है।
गैस एजेंसियों और होटलों में सघन जांच
प्रशासन द्वारा जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 51 में से 45 गैस एजेंसियों की जांच की जा चुकी है। साथ ही 122 होटल और प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर घरेलू गैस के अवैध उपयोग की जांच की गई। सुपौल प्रखंड में शुभ लक्ष्मी रेस्टोरेंट, कोजी स्वीट्स, होटल पाराडाइज, होटल मयंक, साईं होटल, होटल गुरुमत में जांच की गई। त्रिवेणीगंज प्रखंड में राजा स्वीट्स, मां सीता स्वीट्स, हैदर चिकेन बिरयानी सेंटर, प्रेम स्वीट्स, संध्या फास्ट फूड में छापेमारी की गई। राघोपुर प्रखंड में अतिथि फैमिली रेस्टोरेंट, मां वैष्णव होटल, तृप्ति वैष्णव होटल, तिरुपति वैष्णव होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय
एलपीजी गैस के उठाव और वितरण की निगरानी के लिए समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06473-224005 पर अब तक 88 शिकायतें प्राप्त हुई हैं और सभी शिकायतों का निष्पादन कर दिया गया है।
कालाबाजारी करने वालों पर प्राथमिकी
सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड में गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी के आरोप में सुमन कुमार एवं संतोष कुमार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इनके पास से 91 घरेलू एवं 5 व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
इससे पूर्व राघोपुर प्रखंड स्थित मेसर्स रत्ना इंडेन ग्रामीण वितरक के विरुद्ध भी स्टॉक में अनियमितता मिलने पर करजाईन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
स्थिति सामान्य, उपभोक्ता न घबराएं
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य है। पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति लगातार की जा रही है। किसी प्रकार के आपूर्ति संकट की संभावना नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता से अधिक गैस सिलेंडर लेने से बचें। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही







