News Desk Supaul:
सुपौल जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के सिसौनी चौक के समीप रविवार देर शाम अपराधियों ने एक युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब युवक चाय की दुकान पर बैठा हुआ था। अचानक पहुंचे बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों ने हवा में गोलीबारी भी की, हालांकि पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान कटहरा निवासी 28 वर्षीय राजेश शर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि युवक की हत्या चाकू से गोदकर की गई है और मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है और लोग दहशत में हैं।







