Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक तस्कर को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नरहा वार्ड संख्या-05 निवासी दिलखुश कुमार अपने घर के आगे बनी गुमटी में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी गुमटी की तलाशी ली, जहां एक सफेद डिब्बे में छिपाकर रखी गई काले रंग की 36 प्लास्टिक पुड़िया बरामद हुई।

जांच के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि सभी पुड़ियों में स्मैक है। डिजिटल तराजू से वजन करने पर कुल 20.55 ग्राम स्मैक (प्लास्टिक सहित) बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से 500 रुपये के 8 नोट, यानी कुल 4000 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अवैध स्मैक रखने और उसकी खरीद-बिक्री के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी में जुटी है।







