सुपौल: राघोपुर में उर्वरक दुकान पर बड़ी कार्रवाई, स्टॉक गड़बड़ी मिलने पर लाइसेंस स्थगित, खरीद-बिक्री पर रोक

सुपौल के राघोपुर स्थित सिमराही बाजार में मेसर्स धरती धन उर्वरक प्रतिष्ठान पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। जांच में स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आने के बाद प्रशासन ने खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले में उर्वरक वितरण में अनियमितता पाए जाने पर जिला कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कृषि पदाधिकारी, सुपौल द्वारा जारी पत्र के अनुसार राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित मेसर्स धरती धन उर्वरक प्रतिष्ठान के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।

विज्ञापन

गौरतलब कि दिनांक 31 मार्च 2026 को जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सुपौल, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, वीरपुर एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी, राघोपुर द्वारा संबंधित उर्वरक दुकान का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि KFL यूरिया के स्टॉक में IFMS पोर्टल पर उपलब्ध मात्रा की तुलना में भंडारण में 175 बैग अधिक पाए गए, जबकि MATIX यूरिया के मामले में 57 बैग कम पाए गए। इस प्रकार स्टॉक में भारी गड़बड़ी उजागर हुई।

अधिकारियों द्वारा स्पष्टीकरण मांगने पर दुकानदार संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जिला कृषि पदाधिकारी ने इसे उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित थोक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस स्थगित कर दिया है। साथ ही दुकान में उर्वरकों की खरीद एवं बिक्री पर भी तत्काल रोक लगा दी गई है।

विभाग ने निर्देश दिया है कि संबंधित विक्रेता तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करे। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से जिले में उर्वरक कालाबाजारी और अनियमितता पर प्रशासन की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

इस बाबत धरती धन के संचालक ने कहा कि जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण पूछा गया है जिसका जवाब दिया जा रहा है। बताया कि स्टॉक में गड़बड़ी नही है बल्कि अलग-लग गुदामो में सामान रहने के वजह से स्टॉक मिलान में समस्या हुई।

Leave a Comment

[democracy id="1"]