सुपौल: राघोपुर ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसा, रॉन्ग साइड से आई बुलेट ने बाइक को मारी टक्कर, गर्भवती महिला समेत दो घायल

राघोपुर ओवरब्रिज पर रॉन्ग साइड से आई बुलेट की टक्कर में परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन घायल हो गए। गर्भवती महिला की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया, पुलिस जांच में जुटी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ओवरब्रिज NH 131 पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां से महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

बताया गया कि घायल युवक सचिन कुमार अपनी बहन जयंती कुमारी को परीक्षा दिलाने के लिए केएन डिग्री कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान राघोपुर ओवरब्रिज पर रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक बुलेट बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान भपटियाही थाना क्षेत्र के सदानंदपुर वार्ड संख्या 4 निवासी सचिन कुमार और उनकी बहन जयंती कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि जयंती कुमारी गर्भवती हैं और हादसे के बाद उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट चालक ने एक अन्य बाइक को भी टक्कर मारी और इसके बाद मौके से फरार हो गया। जिसमे दूसरा बाइक सवार का हाथ टूट गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। दुर्घटनाग्रस्त बाइक का नंबर बीआर 50 AJ 1970 बताया जा रहा है। रेफरल अस्पताल राघोपुर में मौजूद डॉक्टर विपिन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल जयंती कुमारी और सचिन कुमार को अस्पताल लाया गया था। दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि जयंती कुमारी गर्भवती हैं और उनकी स्थिति गंभीर है, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं सचिन कुमार के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उनका इलाज जारी है।

मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दो गाड़ी को जब्त कर लिया गया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार बुलेट व चालक की तलाश की जा रही है, आवेदन मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]