सुपौल में दिल दहला देने वाली वारदात: 6 दिन से लापता युवक का शव बोरे में मिला, दो आरोपी गिरफ्तार

सुपौल में 6 दिन से लापता युवक मो. वाजिद का शव बोरे में बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 6 दिनों से लापता एक युवक का शव बंद बोरे में बरामद किया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश और शोक व्याप्त है।

बताया गया कि सदर थाना क्षेत्र के चकडुमरिया पुनर्वास वार्ड नंबर 10 निवासी बीबी खोदीजा खातून ने 1 अप्रैल को अपने 25 वर्षीय पुत्र मो. वाजिद के लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि वाजिद 1 अप्रैल की दोपहर करीब 1 बजे यह कहकर घर से निकला था कि वह पास के चौक तक जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी बीच सोमवार को चकडुमरिया वार्ड नंबर 10 इलाके के कुछ स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध बोरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जब बोरे को खोला गया तो उसमें एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।

शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। बाद में पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया। कपड़ों, शारीरिक बनावट और मृतक के पास से मिले पर्स में मौजूद कागजात—जिसमें पैन कार्ड, माता-पिता के पैन कार्ड और बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी शामिल थी—के आधार पर शव की पहचान मो. वाजिद के रूप में की गई। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस मामले में सुपौल के एसपी सरथ आर एस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस ने इस हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया है। उन्होंने बताया कि मो. वाजिद की हत्या के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा और दबीया भी बरामद कर लिया गया है। एसपी ने जानकारी दी कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद मुख्य आरोपी को जोगबनी से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों ने मो. वाजिद को अपने घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी और फिर शव को बोरे में बंद कर खरबॉनी इलाके में फेंक दिया, ताकि पहचान छिपाई जा सके। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Comment