Report: A.k Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना कांड संख्या 433/25 धारा 96 बीएनएस के तहत दर्ज नाबालिग अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि कांड के अनुसंधान के दौरान लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार को सहरसा जिले के बनगांव थाना क्षेत्र से अप्राथमिकी अभियुक्त छोटू कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में लड़की के पिता ने गत 27 नवंबर को थाना में आवेदन दिया था। उन्होंने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री 24 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने जब लड़की के मोबाइल पर संपर्क किया तो शुरू में बेटी ने फोन उठाया, लेकिन बातचीत के दौरान ही एक अज्ञात युवक ने फोन छीन लिया और कहा कि लड़की उसके पास है तथा उसे खोजने की कोशिश बंद कर दी जाए। इसके बाद फोन बंद कर दिया गया। पीड़ित पिता ने आशंका जताई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है और उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी, जिसके बाद अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी है।







