सुपौल: अभ्यास के दौरान कटैया फायरिंग रेंज से निकली गोली से खेत में काम कर रही महिला मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती

सुपौल के भीमनगर थाना क्षेत्र स्थित कटैया फायरिंग रेंज में प्रशिक्षण के दौरान चली गोली छिटककर खेत में काम कर रही एक महिला को लग गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और मामले की जांच जारी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटैया 14 आरडी स्थित फायरिंग रेंज में शनिवार को प्रशिक्षण के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई। अभ्यास के दौरान चली एक गोली करीब एक किलोमीटर दूर खेत में काम कर रही महिला को जा लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायल महिला की पहचान बसंतपुर पंचायत के बरांटपुर निवासी श्यामसुंदर साह की 35 वर्षीय पत्नी मीना देवी के रूप में की गई है। घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। उस समय मीना देवी अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रही थीं, तभी फायरिंग रेंज से चली गोली छिटककर उनकी जांघ में जा लगी।

घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को वीरपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के साथ एक्स-रे कराया। जांच में गोली लगने की पुष्टि होने के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी, वीरपुर थाना प्रभारी राजकिशोर मंडल तथा भीमनगर थाना प्रभारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि फायरिंग रेंज में दरभंगा जिला बल की महिला प्रशिक्षु जवानों का प्रशिक्षण चल रहा था।

हालांकि, इस मामले में सुपौल के एसपी शरथ आरएस ने कहा कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला गोली लगने से ही घायल हुई है या कोई अन्य कारण है।

फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। इधर, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग रेंज के आसपास घनी आबादी बसी हुई है और लोग पास के खेतों में खेती-बाड़ी करते हैं। ऐसे में लंबे समय से फायरिंग रेंज को यहां से हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।

Leave a Comment