सुपौल: करजाईन में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 14 वर्षीय छात्रा की मौत, पिता गंभीर घायल

सुपौल के करजाईन थाना क्षेत्र में एनएच 131 पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के करजाईन थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। डुमरी चौक स्थित एनएच-131 पर करीब तीन बजे हुए इस हादसे में 14 वर्षीय छात्रा विपाशा भारती की मौत हो गई, जबकि उसके पिता अजीत कुमार मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार करजाईन थाना क्षेत्र के डुमरी वार्ड संख्या 4 के निवासी अजीत कुमार मेहता अपनी पुत्री विपाशा के साथ बाइक से डुमरी चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान करजाईन से भीमनगर की दिशा में तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद विपाशा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पिता का इलाज जारी है।

ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. निलेश प्रधान ने बताया कि लड़की को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, अजीत कुमार मेहता की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि विपाशा भारती पढ़ाई में काफी होनहार थी और उसने इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा प्रथम श्रेणी से पास की थी। वह अपने भाई और दो बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना के संबंध में करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]