सुपौल: राघोपुर में भाजपा का प्रशिक्षण शिविर आयोजित, कार्यकर्ताओं को संगठन व विचारधारा का दिया गया पाठ

राघोपुर के बतरान चौक में भाजपा का दो दिवसीय महा प्रशिक्षण शिविर आयोजित, सिमराही नगर व राघोपुर उत्तर मंडल के कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा व कार्यपद्धति का दिया गया प्रशिक्षण।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के निर्मली विधानसभा क्षेत्र के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत बतरान चौक स्थित एक होटल परिसर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में सिमराही नगर मंडल एवं राघोपुर उत्तर मंडल के कार्यकर्ताओं को संयुक्त रूप से प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। शिविर की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने की। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामकुमार राय, जिला कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल, अररिया विधानसभा प्रभारी विजय शंकर चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बैद्यनाथ भगत, सचिन माधोगरिया, मन की बात प्रमुख विजय कुमार सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी, जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा, जिला मंत्री ममता झा, स्मृति कुमारी, जिला प्रवक्ता उषा कुमारी, सिमराही नगर मंडल अध्यक्ष उमेश गुप्ता तथा राघोपुर उत्तर मंडल अध्यक्ष भरत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

शिविर के दौरान अलग-अलग विषयों पर कई सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी के वैचारिक एवं संगठनात्मक पक्षों को विस्तार से समझाया गया। वैचारिक अधिष्ठान विषय पर सचिन माधोगरिया ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की मूल विचारधारा से अवगत कराया, जबकि इतिहास एवं विकास विषय पर बैद्यनाथ भगत ने संगठन के विकासक्रम और उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्य विस्तार की दृष्टि विषय पर विजय कुमार सिंह ने संगठन को मजबूत करने की रणनीति बताई।

इसके अलावा कार्यपद्धति पर विनीता देवी, सरकार की उपलब्धियां एवं उनके क्रियान्वयन पर रामकुमार राय, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नमो ऐप एवं सरल ऐप के उपयोग पर प्रशांत वर्मा तथा बूथ प्रबंधन पर सीमा कुशवाहा ने विस्तृत प्रशिक्षण दिया। सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस दौरान न्यूज एक्सप्रेस बिहार से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने कहा कि भाजपा पूरे देश में पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण शिविर अभियान चला रही है और उसी कड़ी में निर्मली विधानसभा के अंतर्गत यह संयुक्त प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर है, जिसका समापन सोमवार को सुबह 11 बजे होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कुशल, जागरूक और समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है, जो संगठन के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें और उसे निभाएं। उन्होंने यह भी बताया कि शिविर में नए और पुराने दोनों तरह के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि धीरेंद्र यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सागर यादव, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, रमन झा, जगरनाथ चौधरी, सियाराम भगत, संजीव मिश्र, गुड्डू कुमार, शुभम राज, कृष्णा दास, बिनोद विश्वास सहित दोनों मंडलों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]