सुपौल: राघोपुर स्टेशन पर रील बनाने के दौरान बड़ा हादसा, मालगाड़ी पर चढ़ा युवक हाई वोल्टेज करंट से झुलसा, हालत नाजुक

राघोपुर रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़कर रील बना रहा 19 वर्षीय युवक हाई वोल्टेज ओएचई तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक 19 वर्षीय युवक मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ने के दौरान हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर राघोपुर रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान सिमराही वार्ड संख्या 14 निवासी मोहम्मद जहिर का पुत्र मोहम्मद मोफिल (19 वर्ष) अचानक मालगाड़ी के एक डिब्बे के ऊपर चढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक रील बनाने के लिए डिब्बे पर चढ़ा था। जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, ऊपर से गुजर रही ओवरहेड इलेक्ट्रिक हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगते ही युवक बुरी तरह झुलस गया और संतुलन बिगड़ने से ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हालांकि गिरने के कारण उसकी जान बच गई, लेकिन करंट और गिरने दोनों से उसे गंभीर चोटें आई हैं। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें बताई जा रही हैं।

घटना के तुरंत बाद स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, युवक की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद भी उसकी हालत गंभीर देखी गई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने के बढ़ते चलन के कारण युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। रेलवे परिसर में इस तरह की लापरवाही न केवल खतरनाक है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]