सुपौल: राघोपुर में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, एनएच-27 जाम कर उपभोक्ताओं ने किया उग्र प्रदर्शन

सिमराही बाजार में गैस सिलेंडर की किल्लत से नाराज उपभोक्ताओं ने एनएच-27 जाम कर दिया, प्रशासन के आश्वासन के बाद एक घंटे में जाम समाप्त हुआ।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमराही बाजार में मंगलवार को घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश अचानक उभरकर सामने आ गया। गैस आपूर्ति में लगातार हो रही देरी से नाराज दर्जनों लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और एनएच-27 को जाम कर दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने चार से पांच दिन पहले ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन एजेंसी की ओर से अब तक सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई। कई बार एजेंसी से संपर्क करने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती चली गई।

उपभोक्ताओं का आरोप था कि एजेंसी जानबूझकर आपूर्ति में देरी कर रही है, जबकि दूसरी ओर खुलेआम सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि बाजार में वही घरेलू गैस सिलेंडर 1800 से 2000 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं, जो निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक है।

इस कथित अनियमितता और कालाबाजारी के विरोध में लोगों ने एकजुट होकर श्री गणपति एचपी गैस एजेंसी के सामने सड़क पर सिलेंडर रख दिए और एनएच-27 को जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि गैस आपूर्ति में हो रही गड़बड़ी की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बुधवार से नियमित रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया गया।प्रशासन के आश्वासन के बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।

Leave a Comment