सुपौल में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, करोड़ों रुपये की 1.440 किलो स्मैक के साथ चार गिरफ्तार

सुपौल पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जदिया थाना क्षेत्र से करोड़ों रुपये मूल्य की 1 किलो 440 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार कर एटीएम कार्ड समेत कई संदिग्ध सामान जब्त किए हैं। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Report: A.K Chaudhary

मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिले की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्मैक बरामद की है और इस अवैध कारोबार में संलिप्त चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से न केवल अंतरजिला बल्कि अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशा तस्करी गिरोह पर भी बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

इस संबंध में एसपी शरथ आर एस ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि जदिया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि दो चार पहिया वाहनों के माध्यम से भारी मात्रा में स्मैक की खेप इलाके में पहुंचने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और जदिया थाना क्षेत्र के विभिन्न संदिग्ध मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध चार पहिया वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के क्रम में वाहनों से कुल एक किलो 440 ग्राम स्मैक बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद मौके पर मौजूद चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उनकी संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, सूचित कुमार, संजय यादव और प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दस एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन समेत कई अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सुपौल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment