सुपौल: राघोपुर में किराना व्यवसायी से लूटपाट, मारपीट कर नकदी व सामान लेकर फरार हुए बदमाश

राघोपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी को रास्ते में रोककर मारपीट की और करीब 40 हजार रुपये नकद, मोबाइल, चेन व किराना सामान लूटकर फरार हो गए। घायल व्यवसायी को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना राघोपुर पंचायत के सायत लक्ष्मीपुर हरि खिरहर स्थित एक मुर्गा फार्म के समीप की बताई जा रही है, जहां घात लगाकर बैठे बदमाशों ने व्यवसायी को रोककर मारपीट की और नकदी समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।

बताया गया कि देवीपुर निवासी व्यवसायी नितिश गोस्वामी राघोपुर बाजार से किराना एवं कॉस्मेटिक का सामान खरीदकर सीटी रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद चार-पांच अपराधियों ने उनका रिक्शा रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और गले से सोने की चेन, करीब 40 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन के साथ खरीदा गया सामान लेकर मौके से फरार हो गए।

हमले में घायल व्यवसायी सड़क किनारे गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने उन्हें तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे।

सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आगे की कार्यवाई की जा रही है।

Leave a Comment