Report: A.K Chaudhary
सुपौल रेलवे स्टेशन के समीप रविवार दोपहर एक दर्दनाक रेल हादसे में एक अज्ञात युवती की मौत हो गई। घटना स्टेशन के दक्षिणी ढाला के पास लगभग दो बजे हुई, जहां अमृत भारत ट्रेन की चपेट में आने से युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही अमृत भारत ट्रेन की चपेट में वह आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल काफी गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, रेल कर्मी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
रेल पुलिस के अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना दी गई है तथा स्थानीय लोगों से भी संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस हादसे के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। वहीं, रेलवे प्रशासन लोगों से लगातार अपील कर रहा है कि रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान पूरी सावधानी बरतें और निर्धारित रास्तों का ही उपयोग करें।







