Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर प्रखंड कार्यालय के पीछे स्थित पुराने क्वार्टर में रविवार की देर शाम वीरपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 20 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक), इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, नेपाली और भारतीय मुद्रा सहित दो बाइक भी बरामद की गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

इस संबंध में वीरपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में वीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार ने पूरे मामले की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि रविवार की शाम वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल को गुप्त सूचना मिली थी कि बसंतपुर प्रखंड कार्यालय के समीप पुराने क्वार्टर में स्मैक का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थल पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 20 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, 8,760 भारतीय रुपये, 27,570 नेपाली रुपये, सिंदूर रखने का कीया तथा दो बाइक जब्त की। जब्त बाइक में एक का नंबर BR 50 J/8451 बताया गया है, जबकि दूसरी बाइक बिना नंबर की पाई गई।
गिरफ्तार लोगों की पहचान बलुआ थाना क्षेत्र के मटियारी वार्ड संख्या 12 निवासी 23 वर्षीय संतोष कुमार, वीरपुर नगर पंचायत वार्ड संख्या 04 निवासी 26 वर्षीय राजा साहनी, अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के अचरा वार्ड संख्या 11 निवासी 30 वर्षीय चंदन पासवान तथा 50 वर्षीय बेबी देवी के रूप में हुई है।
एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों युवकों ने पूछताछ में महिला से स्मैक खरीदने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्मैक की आपूर्ति कहां से हो रही थी और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी।
उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।
इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल के अलावा पीटीसी अभिकांत कुमार, अभिषेक, चन्द्र प्रकाश, महिला सिपाही ज्योति कुमारी तथा अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।







