आरजेडी को बड़ा झटका, तेजस्वी यादव की करीबी रितु जायसवाल ने थामा बीजेपी का दामन

आरजेडी की पूर्व नेता रितु जायसवाल ने मंगलवार को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। तेजस्वी यादव की करीबी मानी जाने वाली रितु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से प्रभावित होकर बीजेपी में शामिल होने की बात कही। बिहार की राजनीति में इसे बड़ा राजनीतिक बदलाव माना जा रहा है।

News Desk Patna:

बिहार की सियासत में मंगलवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की पूर्व नेता रितु जायसवाल ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल की मौजूदगी में उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

रितु जायसवाल को पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के करीबी नेताओं में गिना जाता था। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में आरजेडी के टिकट पर शिवहर संसदीय सीट से चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई थी। हालांकि बाद में विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी चुनाव लड़ा था।

बीजेपी में शामिल होने के बाद रितु जायसवाल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और उनके समावेशी दृष्टिकोण से प्रभावित होकर पार्टी में आई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति करते हैं और योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

रितु जायसवाल ने केंद्र सरकार की कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसानों से जुड़ी योजनाओं का फायदा समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उनके अनुसार, सरकार की यही कार्यप्रणाली उन्हें बीजेपी के करीब लेकर आई।

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो रितु जायसवाल का बीजेपी में शामिल होना केवल एक सामान्य राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि आगामी चुनावों को देखते हुए सामाजिक समीकरण मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है। खासकर ओबीसी वर्ग के अंतर्गत आने वाले कलवार समुदाय में पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिहाज से इस कदम को अहम माना जा रहा है।

गौरतलब है कि तलवार समुदाय से आने वाली वरिष्ठ नेता रमा देवी लंबे समय तक शिवहर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे के तहत शिवहर सीट जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के हिस्से में चली गई थी, जहां से लवली आनंद को उम्मीदवार बनाया गया था। अब रितु जायसवाल के बीजेपी में आने से शिवहर और आसपास के इलाकों की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Comment