सुपौल: त्रिवेणीगंज में डीआईजी का वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर दिया जोर

कोशी रेंज के डीआईजी डॉ कुमार आशीष ने त्रिवेणीगंज एसडीपीओ कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण कर लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने 450 चिन्हित मामलों के शीघ्र निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल में मंगलवार को कोशी रेंज के डीआईजी डॉ कुमार आशीष ने एसडीपीओ कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुमंडल क्षेत्र में लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण, पुलिस कार्यशैली, रिकॉर्ड संधारण एवं विभिन्न संचिकाओं की गहन समीक्षा की। डीआईजी के आगमन पर एसडीएम अभिषेक कुमार एवं पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बुके देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद अनुमंडल परिसर में उन्हें पैरेड की सलामी दी गई।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के आलोक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र में लगभग 1200 कांड लंबित हैं, जिनमें से करीब 450 मामलों को चिन्हित किया गया है। इन मामलों के निष्पादन का लक्ष्य इसी माह निर्धारित किया गया है, ताकि आम लोगों को जल्द न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।

डीआईजी डॉ कुमार आशीष ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पुराने रिकॉर्ड, लंबित संचिकाएं, अपराध के आंकड़े तथा विभिन्न थानों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई है। उन्होंने वारंटी एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने की रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही महत्वपूर्ण मामलों में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने पर बल दिया गया।

उन्होंने पुलिस गश्ती, पेट्रोलिंग व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। डीआईजी ने कहा कि आने वाले समय में पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस मौके पर एसपी शरथ आर एस, एसडीपीओ विभाष कुमार, सीआई सुनील कुमार पासवान आदि पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment