Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से एक देशी कट्टा तथा बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला राघोपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर वार्ड नंबर-09 स्थित पैक्स गोदाम कचरा भवन के पास का है।

जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि डायल 112 पुलिस के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार के साथ इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही डायल 112 एवं राघोपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ रखा था। पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की।
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के बेलही वार्ड 3 निवासी राकेश कुमार शर्मा के रूप में हुई। बताया गया कि पुलिस ने युवक की बजाज पल्सर 220 सीसी मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हेडलाइट के आगे छिपाकर रखा गया एक लोहे का देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने जब युवक से हथियार संबंधी वैध कागजात की मांग की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने देशी कट्टा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि डायल 112 पुलिस के सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। युवक के पास से अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया की जा रही है।







